पंतनगर। विवि के मत्स्य विज्ञान महाविद्यालय में जल जीव पालन विभाग के अध्यक्ष डॉ. आरएस चौहान को सोसाइटी ऑफ लाइफ साइंसेज के प्रतिष्ठित लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड से नवाजा गया है। जलजीव पालन के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों, उत्कृष्ट शोध एवं शैक्षिक कार्य करने के लिए डॉ. चौहान को सोसायटी ने यह अवार्ड पांच से सात अप्रैल तक सतना मध्य प्रदेश में आयोजित वार्षिक सम्मेलन में प्रदान किया। सोसाइटी के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. एके पांडेय, भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग के पूर्व सलाहकार डॉ. एएस निनावे तथा भारतीय प्राणी विज्ञान समिति के अध्यक्ष डॉ. बीएन पांडेय ने संयुक्त रुप से प्रदान किया। डॉ. चौहान उत्तराखण्ड सरकार में राज्य मत्स्य विभाग के निदेशक रह चुके हैं। पूर्व में भी उनको कई राष्ट्रीय समितियों की फेलोशिप तथा गोल्ड मेडल प्राप्त हो चुके है।