रुद्रप्रयाग। अमर उजाला अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कालेज रुद्रप्रयाग की छात्राओं ने ‘मजबूत लोकतंत्र में हो हर मतदाता की भागीदारी’ के लिए मतदाता जागरूकता रैली निकाली। छात्राओं ने अमसारी व विलोटा के ग्रामीणों को मतदान के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या डा. ममता नौटियाल और एनएसएस के जिला संयोजक जगदीश टम्टा ने किया। उन्होंने छात्राओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा अपने घर, परिवार, मोहल्ला और गांव के सभी मतदाताओं को मत देने के लिए प्रेरित करते हुए जरूरतमंद को पोलिंग बूथ तक लाने में अहम भूमिका निभाए। अधिकाधिक मतदान करें तभी अच्छे प्रत्याशियों का चयन कर मजबूत सरकार बन सकेगी। एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी अंजू बिष्ट ने बताया कि आठ स्वयं सेवी छात्राएं, विद्यालय में गठित पोलिंग बूथ पर जरूरतमंद मतदाताओं की मदद के लिए तैनात की गई हैं। इसके बाद सभी छात्राओं ने स्कूल परिसर से बैनर व स्लोगन लेकर अमसारी व विलोटा तक जागरूकता रैली निकाली। छात्राओं ने उम्र 18 पूरी है, मतदान करना जरूरी है..., न जाति पर न धर्म पर बटन दबेगा कर्म पर..., लोकतंत्र में भागीदारी, मतदान हमारी जिम्मेदारी..., सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो..., घर-गौ भेजा रैबार, वोट देणू सबुकु अधिकार... आदि जन जागरूक नारों के साथ छात्राओं ने सभी को मताधिकार के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर शिक्षिका शोभा डोभाल, सुनीता नौडियाल, मीनाक्षी नेगी, अंजना रावत, हेमेंद्र राणा, सौम्य ढौडियाल और नौरती देवी सहित 130 छात्राएं मौजूद थीं।