रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लॉक के ग्राम पंचायत चमस्वाड़ा के ग्रामीणों ने गांव को सड़क से जोड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों पूर्व स्वीकृत मोटर मार्ग गलत समरेखण के कारण आज तक नहीं बन पाया है, जिस कारण उन्हें मीलों पैदल नापना पड़ रहा है। उन्होंने जल्द मार्ग का निर्माण नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में ग्रामीणों का कहना है, कि पीएमजीएसवाई की ओर से अमडाला-हटेडीखाल-बज्यूण मोटर मार्ग का निर्माण शुरू किया गया, लेकिन उनके गांव को छोड़ दिया गया है, जिससे वे आहत हैं। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय व पंचायत भवन को मार्ग से जोड़ने की मांग की है। वहीं ग्राम प्रधान भरत सिंह नेगी का कहना है कि कार्यदायी संस्था के गलत समरेखण के कारण उनका गांव यातायात सुविधा से वंचित हो रहा है। कहा कि जल्द मांगपूर्ति नहीं हुई तो जनांदोलन के रूप में पीएमजीएसवाई के कार्यालय में धरना दिया जाएगा।