रुद्रप्रयाग। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने समिति को प्रति माह होने वाली दुर्घटनाओं से संबंधित रिपोर्ट देने कहा। साथ ही गुप्तकाशी-जाखधार मोटरमार्ग पर हुए अतिक्रमण को हटाने और बेलणी मुख्य पुल पर एक बार में एक ही वाहन की आवाजाही कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी कार्यालय में हुई बैठक में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने सभी निर्माणदायी संस्थाओं को भूस्खलन वाले क्षेत्रों का प्राक्कलन तैयार करने, दुर्घटना के कारणों की जानकारी रखने तथा सड़कों पर पड़े गड्ढों को भरने के निर्देश दिए। कार्यदायी संस्थाओं को दुर्घटना संभावित स्थानों पर बोर्ड और पैराफिट लगाने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि गुप्तकाशी-जाखधार पर मोटरमार्ग पर अतिक्रमण हटाने में किसी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन मोटर मार्गों का कार्य पूरा हो चुका है वह परिवहन विभाग से सहमति बनाकर मार्गों को पास कराना सुनिश्चित करें। डीएम ने पुलिस व परिवहन विभाग को समय-समय पर निरीक्षण कर ओवरलोडिंग, तेज गति तथा दुपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट के पाए जाने पर चालान करने को कहा। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता मुकेश परमार, एसडीएम देवमूर्ति यादव, विनोद कुमार, सीओ श्रीधर बडोला, तहसीलदार श्रेष्ठ गुनसोला समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।