रुद्रप्रयाग। राजकीय शिक्षक संघ जिला शाखा ने मंडलीय मंत्री और प्रांतीय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी शिव सिंह नेगी को समर्थन दिया है। इस मौके पर नेगी का जोरदार स्वागत भी किया गया।
जीआईसी अगस्त्यमुनि में संघ जिलाध्यक्ष आनंद सिह जगवाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में एक स्वर में नेगी को सहयोग दिए जाने की बात कही गई। प्रांतीय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नेगी ने प्रदेश सरकार पर स्थानांतरण एक्ट के नाम पर शिक्षकों के साथ राजनीति का आरोप लगाया। स्कूलों में रिक्त पदों की पूर्ति और व्यवस्थाओं को सुधारने के बजाय सरकार और विभागीय मंत्री ड्रेस कोड और अन्य प्रकार की नीतियां लागू करने की बात कर रहे हैं, जो तर्कसंगत नहीं हैं। उन्होंने एलटी शिक्षकों की पैरवी करते हुए कहा कि यह वर्ग वेतन विसंगतियों के कारण प्रमोशन से वंचित है। उन्होंने एलटी संवर्ग से प्रवक्ता पदों पर पदोन्नति में हो रही देरी पर भी रोष जताया। नेगी ने पुरानी पेंशन योजना बहाल करने की मांग करते हुए शिक्षकों का आह्वान किया कि वे उनकी विभागीय लंबित प्रकरणों के निराकरण के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे। इस मौके पर पंकज भट्ट, शीशपाल पंवार, कुसुम भट्ट, जगदंबा चमोली, पीयूष शर्मा, संजय सैनी, रवींद्र पंवार, महेंद्र बंगवाल, सुनील मैठाणी, अंकित रौथाण, हर्षवर्धन रावत आदि थे।