रुद्रप्रयाग। राजकीय बालिका इंटर कालेज रुद्रप्रयाग में इंटरमीडिएट स्तर पर पांच विषयों में विज्ञान की मान्यता मिले दो वर्ष हो चुके हैं, लेकिन अभी तक प्रवक्ता ही नहीं मिले हैं। इस कारण छात्राओं को विज्ञान वर्ग की पढ़ाई के लिए अन्यत्र विद्यालयों में जाना पड़ रहा है।
80 के दशक में इंटर स्तर पर उच्चीकृत जीजीआईसी को आज तक न पर्याप्त संसाधन मिल पाए हैं और न शिक्षिकाएं। दो वर्ष पूर्व विद्यालय को भवन तो मिला, लेकिन यहां सभी कक्षाओं के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हो पा रहा है। साथ ही प्रयोगात्मक पढ़ाई भी नहीं हो रही है। वर्तमान सत्र में यहां 180 छात्राएं पढ़ रही हैं, जबकि प्रवक्ता व एलटी संवर्ग में शिक्षिकाओं के 11 पद खाली पड़े हैं। प्रधानाचार्या डॉ. ममता नौटियाल ने बताया कि शिक्षिकाओं व संसाधनों के अभाव में पढ़ाई और शिक्षणेत्तर गतिविधियां प्रभावित हो रही है। दूसरी तरफ सीईओ सीएन काला का कहना है कि रिक्त पदों की पूर्ति का मामला शासन स्तर का है। जिले में प्राथमिक से माध्यमिक तक रिक्त पदों की रिपोर्ट पहले ही भेजी जा चुकी है।