रुद्रप्रयाग। पौड़ी जनपद की बेटी की मौत से हर कोई स्तब्ध है। सबकी आंखें नम हैं। सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने आरोपी को फांसी की सजा देने और महिला व बेटियों की सुरक्षा को कड़े कदम उठाने की मांग की है।
किशोर न्याय बोर्ड की सदस्य रंजना गैरोला भट्ट का कहना है कि पहाड़ की शांत वादियों में इस तरह की बर्बरतापूर्ण घटनाएं चिंताजनक हैं। इन घटनाओं में लिप्त विकृत मानसिकता वाले लोगों को सीधे फांसी की सजा होनी चाहिए। उन्होंने स्कूलों में प्राथमिक स्तर से ही बेटियों को आत्म सुरक्षा के गुर सिखाने की मांग की। जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी राणा, नगर पालिका अध्यक्ष गीता झिक्वांण, नगर पंचायत अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल व संजू जगवाण, सामाजिक कार्यकर्ता सुशीला भंडारी, पूर्व पालिकाध्यक्ष रेखा सेमवाल का कहना है कि पिछले कुछ समय से नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में महिला अपराध बढ़ रहे हैं। अपराधियों के खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई हो। ब्यूरो