जखोली। ब्लाक मुख्यालय जखोली के बजाय 108 वाहन का संचालन चार माह से तुनेटा से हो रहा है। इससे क्षेत्र के जरूरतमंदों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। जनता व जनप्रतिनिधियों ने सीएमओ से वाहन का संचालन सीएचसी से किए जाने की मांग की है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपातकालीन चिकित्सा वाहन सेवा 108 का संचालन अपनी सुविधा के हिसाब से किया जा रहा है। वाहन, पीपीपी मोड संचालित सीएचसी जखोली के लिए स्वीकृत है, लेकिन विभाग बीते चार माह से तुनेटा से वाहन का संचालन कर रहा है। ऐसे में सीएचसी में पहुंच रहे जरूरतमंद मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। ब्लाक प्रमुख राजकुमारी रावत, कनिष्ठ प्रमुख चैन सिंह पंवार, रामरतन पंवार ने बताया कि ब्लाक मुख्यालय में इमरजेंसी चिकित्सा वाहन के नहीं होने से बीते 28 सितंबर को त्यूंखर गांव की 7 वर्षीय बच्ची को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने 108 वाहन का सीएचसी जखोली परिसर से संचालन किए जाने की मांग की है। 108 के जिला समन्वयक आशीष नेगी ने बताया कि तुनेटा से वाहन संचालन का प्रमुख कारण यह है कि यह, जखोली ब्लाक का मध्य क्षेत्र है, जिससे सभी इलाकों की दूरी एक समान है। बताया कि इस संबंध में विभागीय उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया जा चुका है। अगर, जरूरी हुआ तो, पुन: संचालन सीएचसी जखोली से किया जाएगा।