रुद्रप्रयाग। जिला अस्पताल से गंभीर हालत में रेफर की गई गर्भवती महिला की मौत के कारणों की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई है। डीएम ने जांच टीम को अगले पांच दिनों की रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी तरफ मुख्य चिकित्साधिकारी ने भी दो सदस्यीय टीम गठित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी सीएमओ कार्यालय को मिल गई है।
उप जिलाधिकारी सदर देवानंद के नेतृत्व में गठित मजिस्ट्रेटी जांच टीम ने सीएमएस से गर्भवती महिला की मौत के मामले की पूरी जानकारी मांगी। साथ ही जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज भी लिए गए है। जांच टीम में शामिल सीएमओ डा. एसके झा ने बताया कि महिला के संबंध में पूरी रिपोर्ट शुक्रवार तक उपलब्ध हो जाएगी। वहीं मुख्य चिकित्साधिकारी डा. एसके झा ने विभागीय स्तर पर मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय जांच टीम भी गठित की है। टीम में वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. दिग्विजय सिंह रावत और एसीएमओ डा. ओपी आर्य को शामिल किया गया है। इधर, जांच अधिकारी एसडीएम सदर ने बताया कि प्रकरण में पूरी पारदर्शिता के साथ जांच की जा रही है। अगर, संबंधित डाक्टर या अन्य तैनात स्टॉफ की गलती पाई गई तो, निलंबन के साथ कार्रवाई भी की जाएगी।
गमगीन माहौल में हुई अंत्येष्टि
रुद्रप्रयाग। शिवानंदी में अलकनंदा नदी किनारे पैतृक घाट पर महिला की गमगीन माहौल में अंत्येष्टि की गई। इस मौके पर परिजनों के साथ क्षेत्रीय ग्रामीण भी मौजूद रहे। उधर, घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। महिला की सात वर्षीय बेटी अनु अपनी मां की याद में रो रही है। पति सहित सास-ससुर भी बेहाल हैं।