ऊखीमठ। भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली 26 अप्रैल को पंचकेदार शीतकालीन गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर से धाम के लिए प्रस्थान करेगी। डोली पहले पड़ाव फाटा में रात्रि प्रवास करेगी। बता दें कि केदारनाथ धाम के कपाट 29 अप्रैल को प्रात: 6.15 बजे खुलेंगे।
श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह ने बताया कि पंचकेदार गद्दी स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में 25 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा-अर्चना होगी। इसके बाद 26 अप्रैल की सुबह आराध्य बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना के साथ अन्य धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया जाएगा। प्रात: 10 बजे भगवान की पंचमुखी भोग मूर्ति को चल विग्रह उत्सव डोली में विराजमान किया जाएगा। ओंकारेश्वर मंदिर की परिक्रमा के उपरांत बाबा केदार अपने धाम केदारनाथ के लिए प्रस्थान कर गुप्तकाशी, नारायणकोटी, मैखंडा आदि जगहों पर भक्तों को दर्शन देते हुए रात्रि प्रवास को फाटा पहुंचेगी। 27 अप्रैल को डोली फाटा से गौरीकुंड पहुंचेगी। 28 अप्रैल को प्रात: 7 बजे गौरीकुंड से प्रस्थान कर डोली दोपहर बाद अपने धाम केदारनाथ पहुंचेगी। रविवार 29 अप्रैल को प्रात: सवा छह बजे मेष लग्न में बाबा केदारनाथ मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके बाद छह माह तक आराध्य की पूजा-अर्चना धाम में ही होगी। इधर, बीकेटीससी के मीडिया प्रभारी डा. एचसी गौड़ ने बताया कि केदारनाथ डोली यात्रा के लिए सुपरवाइजर वाईएस पुष्पवाण को प्रभारी नियुक्त किया गया है।