नगर पालिका रुद्रप्रयाग के पांच कर्मचारियों समेत जनपद में कोरोना संक्रमण के सात नए मामले आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा संक्रमितों केा आइसोलेशन में भर्ती कर दिया गया है। स्थानीय स्तर पर बढ़ रहे मामलों के कारण लोगों में भय बना हुआ है।
शनिवार को जिले में 7 कोरेाना पॉजिटिव मिले हैं, जिसमें पांच लोग नपा के कर्मचारी है। जबकि दो मरीज अन्य तिलवाड़ा व रुद्रप्रयाग नगर क्षेत्र के हैं। सीएमओ डा. विंधेश कुमार शुक्ला ने बताया कि सभी संक्रमितों को माधवाश्रम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। सभी के कांटेक्ट व ट्रेवल हिस्ट्री की जानकारी प्राप्त की जा रही है। दूसरी तरफ नगर पालिका द्वारा कार्यालय को सैनिटाइज किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी सीमा रावत ने बताया कि संक्रमित कर्मचारियों के संपर्क में आए कर्मियों के समेत सभी के सैंपल लिए गए हैं। रविवार को भी कार्यालय को पूरी तरह से सैनिटाइज किया जाएगा। अन्य कर्मियों की रिपोर्ट आने के बाद जरूरी हुआ तो कार्यालय को आंशिक रूप से बंद भी किया जा सकता है। दूसरी तरफ बीते 10 सितंबर को ऑक्सीजन लेवल कम होने के कारण गंभीर हालत वाले कोरोना संक्रमित मरीज के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती मरीज के ऑक्सीजन लेवल भी बढ़ रहा है, जिससे वह खतरे से बाहर है। चिकित्सक डा. राजीव गैरोला ने बताया कि उपचार के बाद मरीज का ऑक्सीजन लेवल अब 92 तक पहुंच चुका है, जो सही है। स्वयं मरीज द्वारा भी हायर सेंटर रेफर न करने का आग्रह किया गया है, इसलिए यहीं पर उसे जरूरी उपचार दिया जा रहा है।