रुद्रप्रयाग। बसुकेदार तहसील के राजकीय प्राथमिक विद्यालय क्यार्क-बरसूड़ी का संचालन राजकीय हाईस्कूल के हॉल में शुरू हो गया है। व्यवस्था के बाद शिक्षकों व अभिभावकों ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर राहत की सांस ली है। आज प्राथमिक स्कूल भवन के पुनर्निर्माण को लेकर एसएमएसी की बैठक बुलाई गई है।
बृहस्पतिवार को प्रधानाध्यापिका विजिया चमोला द्वारा हाईस्कूल के नव निर्मित भवन के हॉल में कक्षा 1 से 5वीं के 44 बच्चों ने पढ़ाई शुरू कराई गई। प्रधानाध्यापिका ने बताया कि यहां पर्याप्त जगह है। इसलिए शिक्षण व शिक्षणेत्तर गतिविधियों के संचालन में कोई परेशानी नहीं होगी। दूसरी तरफ विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष विजय सिंह कठैत ने बताया कि जर्जर स्कूल भवन के पुनर्निर्माण को लेकर ठोस निर्णय लिया जाएगा। साथ ही जल्द एक प्रतिनिधिमंडल सीईओ व डीईओ बेसिक से मिलेगा। इधर, ग्राम प्रधान हर्षिता देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत द्वारा भवन के पुनर्निर्माण को लेकर एक प्रस्ताव विभाग को भेजा जाएगा। बीते 7 अगस्त को राप्रावि क्यार्क-बरसूड़ी के भवन के छत का प्लास्टर टूट गया था। तब, डीईओ बेसिक डा. विद्याशंकर चतुर्वेदी ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राजकीय हाईस्कूल के भवन में कक्षाओं के संचालन का निर्देश दिए थे।