अगस्त्यमुनि। सौड़ी व गिंवाला गांव में दिनभर अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण उपभोक्ताओं को खासी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस दौरान कई घरों में विद्युत बल्ब फ्यूज होने के साथ ही अन्य कई इलेक्ट्रानिक उपकरण भी फुंक गए।
मंगलवार सुबह से बिजली की सप्लाई अनियमित होती रही। वोल्टेज के बढ़ने और कम होने के कारण घरों में सामान्य व सीएफल बल्ब भी फ्यूज हो गए। जबकि कुछ घरों में टीवी, फ्रीज, कूलर, पंखे आदि को भी नुकसान पहुंचा है। उपभोक्ता दिनेश भंडारी, दिलबर सिंह आदि ने बताया पहले ही ऊर्जा निगम द्वारा रोस्टिंग के नाम पर घंटों बिजली कटौती की जा रही है। उस पर अनियमित सप्लाई से दोहरा नुकसान पहुंचा है। उन्होंने ऊर्जा निगम से विद्युत लाइनों को ठीक करने की मांग की है, जिससे सप्लाई नियमित बनी रहे। इधर, एसडीओ एसएस बिष्ट ने बताया कि बिजली की अनियमित सप्लाई के बारे में संबंधित जेई को अवगत करा दिया गया है।