रुद्रप्रयाग। बच्छणस्यूं के ग्राम पंचायत गहड़ की सड़क निर्माण से टूटी पेयजल लाइन की मरम्मत लोक निर्माण विभाग और जलसंस्थान साढ़े तीन वर्ष बाद भी नहीं कर पाए हैं। विभागीय उदासीनता के कारण यहां के 150 परिवार पानी कि समस्या से जूझ रहे हैं। उन्होंने पेयजल योजना की मरम्मत कर आपूर्ति बहाली की मांग की है।
अगस्त्यमुनि ब्लाक के ग्राम पंचायत नौना-दानकोट को यातायात सुविधा से जोड़ने के लिए वर्ष 2014 अक्तूबर में लोनिवि प्रांतीय खंड की ओर से खांकरा-खेड़ाखाल मार्ग पर निर्माण शुरू किया गया, लेकिन मार्ग की कटिंग से करीब 5 किमी कालोगाड़-नौखू-गहड़ पेयजल बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इससे गहड़, खाल्यू, गहड़ बाजार, बडकोट में बीते तीन वर्ष से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। यहां ग्रामीण प्राकृतिक स्रोत से पानी जुटा रहे हैं। ग्राम प्रधान जीवन प्रकाश, विक्रम सिंह गुसाई, संजीवन सिंह गुसाई, ज्ञान सिंह गुसाई, बलवीर सिंह, हर्षवर्धन रावत ने बताया कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन के बारे में बीडीसी, तहसील दिवस, डीएम और सीएम दरबार में अधिकारियों को अवगत करा चुके हैं, लेकिन सिर्फ आश्वासन हीं मिल रहे हैं। इधर, जलसंस्थान के अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने बताया कि मामले में संबंधित जेई से पूरी जानकारी मांगी जा रही है। साथ ही लोक निर्माण विभाग से भी योजना मरम्मत के लिए सहयोग के लिए कहा गया है।