रुद्रप्रयाग। अलकनंदा और मंदाकिनी के संगम पर सिंचाई विभाग की ओर से किए जा रहे रीवर चैनलाइज कार्य की सुस्त गति पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने विभागीय कार्यशैली पर रोष जताते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्य के लिए मजदूर बढ़ाने के निर्देश दिए।
निर्माण स्थल पर पहुंचे डीएम मंगेश घिल्डियाल ने विभागीय अधिकारियों को कहा कि कार्य की प्रगति धीमी है। पूर्व में विभाग ने नदी में पानी अधिक होने की बात कही थी, लेकिन दो माह से पानी का तल काफी कम है। इसके बाद भी कार्य सुस्त गति से हो रहा है। उन्होंने निर्माणाधीन कार्य के तहत नदी से बोल्डरों को हटाकर नदी के बहाव क्षेत्र को चौड़ा करने की बात भी कही, जिससे नदी की गहराई स्वत: ही कम हो जाएगी। विभागीय ईई टीएस गुसाईं ने बताया कि 23 नवंबर से कार्य चल रहा है, जल्द ही मजदूरों की संख्या बढ़ा दी जाएगी। उन्होंने जेई की ओर से कार्य की निरंतर मॉनीटरिंग किए जाने की बात भी कही। इस मौके पर सहायक अभियंता एसपी बेंजवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।