रुद्रप्रयाग। गणतंत्र दिवस पर डीएम मंगेश घिल्डियाल व पुलिस अधीक्षक अजय सिंह द्वारा सराहनीय कार्य के लिए तीन पुलिस जवानों को पुलिस मैन ऑफ द मंथ और दो महिला आरक्षियों सहित चार जवानों को बेस्ट बॉडी ऑफॅ द मंथ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
बीते वर्ष 21 दिसंबर को रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे पर बांसवाड़ा में चट्टान टूटने से हुए हादसे में 3 घायल मजदूरों को सुरक्षित निकालने और 8 मृत मजदूरों के पंचनामा, पोस्टमार्टम व शवों को सुपुर्द करने में अहम भूमिका निभाने पर आरक्षी स्वरूप कुमार और उप निरीक्षक मकान दास व आरक्षी कुलदीप सिंह को बीते 24 जनवरी को सवा लाख की अवैध शराब बरामद करने पर पुलिस मैन ऑफ द मंथ का पुरस्कार प्रदान किया गया। इसके अलावा आरक्षी संतोष सिंह और आरक्षी दीपक कुमार द्वारा त्रियुगीनारायण गांव के सूर्य प्रसाद के परिवार की आर्थिक मदद करने और उनके पुत्र सौरभ को शिक्षण सामग्री प्रदान करने के साथ निरंतर पढ़ाई की जिम्मेदारी लेने, महिला आरक्षी शिल्पा व रश्मि द्वारा चोपड़ा के दीपक कुमार और उनकी वृद्ध माता को अटल आयुष्मान योजना की जानकारी देते हुए गोल्डन कार्ड बनाने में मदद करने के साथ ही माता-पुत्र को जरूरी सामग्री उपलब्ध कराने के लिए बेस्ट बॉडी ऑफ द मंथ के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।