गुप्तकाशी। केदारघाटी के राजकीय इंटर कालेज रामपुर के वार्षिकोत्सव में बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर आधारित नाटिका आकर्षण का केंद्र रही। इस मौके पर पांच मेधावी छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक मनोज रावत ने किया। कहा कि छात्र-छात्राएं पाठ्यक्रम के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पढ़ाई भी करें। उन्होंने फर्नीचर और स्कूल भवन निर्माण के लिए हरसंभव मदद का भरोसा भी दिया। प्रमुख संतलाल शाह ने नौनिहालों को लक्ष्य तय कर कठिन परिश्रम की सलाह दी। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से पूर्व में प्रवक्ता पद पर तैनात रहे एवं वर्तमान पुलिस उपाधीक्षक अभय प्रताप सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस मौके पर छात्र-छात्राओं ने रंगकर्मी रघुवीर शाह के निर्देशन में गाया पत्थरों ने गीत की तर्ज गढ़वाली में ऋषियों की तपोभूमि, संतों का वास गाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। छात्रों ने धनुष यज्ञ व भष्मासुर नाटक, रंगीलो पहाड़, भलु लगदू केदार गीत प्रस्तुत किए। इस अवसर पर बीईओ आरएस पुष्पाण, प्रधानाचार्य जीएस राणा, डीआरसी दलवीर पुजारी, विजय सिंह शाह, विजयराम सेमवाल, प्रधान विक्रम रावत, पीटीए अध्यक्ष डा. एमपी मैठाणी, शिशुपाल गजवाण, केदार सिंह, आशीष कुर्माचली, दिवाकर गैरोला सहित अभिभावक व छात्र-छात्राएं मौजूद थे।