पंतनगर। पंत विश्वविद्यालय के स्टेडियम में मंगलवार को शारीरिक शिक्षा विभाग के नेतृत्व में विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में अंतर छात्रावास कबड्डी महिला वर्ग के फाइनल मुकाबला सरोजिनी भवन व सुभाष भवन के बीच खेला गया। इसमें सरोजिनी भवन की छात्राओं ने सुभाष भवन की टीम को 53-48 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में आठ महिला छात्रावासों की टीमों ने प्रतिभाग किया। वहीं, पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता का फाइनल मैच वीएस भवन व एसजे भवन के बीच खेला गया। वीएस भवन ने एसजे भवन को आठ विकेट से पराजित कर मैच अपने नाम किया। प्रभारी शारीरिक शिक्षा पूनम त्यागी ने बताया कि पुरुष वर्ग खो-खो के फाइनल में सीबी प्रथम ने एसजे भवन, खो-खो महिला वर्ग में गंगोत्री भवन ने सरोजिनी भवन को, बास्केटबाल महिला वर्ग में मंदाकिनी ने सरोजिनी भवन को हराया। बैडमिंटन पुरुष एकल में तरुन अग्रवाल, डबल्स में तरुन व हिमांशु, बैडमिंटन महिला में योगिता बोहरा, डबल्स में कात्यनी सिंह व वंदना, मिक्स डबल्स में तरुन व कात्यनी, चैस में रोहित कुमार, कैरम में धनजैम, कैरम डबल्स में धनजैम व स्वयाम सिंह विजेता रहे। अधिष्ठाता छात्र कल्याण व सह अधिष्ठाता छात्र कल्याण ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। वहां प्रभारी डॉ. एचएस पपोला, डॉ. भास्कर तिवारी, डॉ. जीएस बोहरा, स्टाफ काउंसलर डा. अनीता रानी, डॉ. रश्मि तिवारी, डॉ. अनिल यादव, डॉ. राजीव रंजन आदि थे।