गुप्तकाशी। कालीमठ घाटी के 10 ग्राम पंचायतों के 13 गांवों को यातायात से जोड़ने वाला एकमात्र गुप्तकाशी-कालीमठ-कोटमा-चौमासी मोटर मार्ग दिनभर बाधित होता रहा। इस दौरान लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों को झेलनी पड़ी। वहीं जिले में बारिश से मलबा आने से चार संपर्क मार्ग जावरी-जयकंडी, बलसुंडी-अखोड़ी, छेनागाड़-बक्सीर, रैंतोली-जसोली बंद हो गए।
विद्यापीठ से आगे जग्गी-बगवान सड़क निर्माणाधीन है, जिसकी कटिंग के मलबे से गुप्तकाशी-कालीमठ मार्ग बार-बार बाधित हो रहा है। शनिवार को यहां दिनभर रुक-रुककर बोल्डर व मलबा गिरता रहा, जिस कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। कालीमठ से गुप्तकाशी आने वाले ग्रामीणों को लंबी पैदल दूरी नापनी पड़ी। जिला पंचायत सदस्य संगीता नेगी, ग्रामीण ओम प्रकाश भट्ट और संदीप भट्ट आदि का कहना है कि आपदा के बाद से मोटर मार्ग की स्थिति बदहाल बनी है। सुधारीकरण की मांग पर लोनिवि बजट का रोना रो रहा है। लोनिवि के अधिशासी अभियंता मनोज दास ने बताया कि गुप्तकाशी-कालीमठ मार्ग के चौड़ीकरण व डामरीकरण के लिए बीते वर्ष शासन को जो प्रस्ताव भेजा गया था, उसे स्वीकृति नहीं मिल पाई है। इस वर्ष आपदा व जिला मद में पुन: प्रस्ताव भेजा गया है।