गुप्तकाशी। शिक्षकों की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावक भी रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड हाईवे चक्काजाम करेंगे। साथ ही बीईओ कार्यालय पर तालाबंदी करने का निर्णय लिया गया है।
राजकीय आदर्श इंटर कालेज गुप्तकाशी वर्तमान में विद्यालय शिक्षकों की कमी की मार झेल रहा है। प्रधानाचार्य के अलावा प्रवक्ता में भूगोल, अंग्रेजी, हिंदी, भौतिकी, गणित व राजनीति विज्ञान और एलटी में अंग्रेजी, हिंदी, व्यायाम के शिक्षक नहीं हैं, जिस कारण पठन-पाठन पूरी तरह से चौपट हो गया है। पीटीए अध्यक्ष माधव कर्नाटकी का कहना है, कि शिक्षक नहीं होने से आज अभिभावक अपने बच्चों को अन्यत्र भर्ती करवा रहे हैं। उन्होंने 31 जुलाई तक विद्यालय में रिक्त पदों पर पूर्ति नहीं होने पर अगस्त माह में छात्र-छात्राओं के साथ हाईवे पर चक्काजाम और बीईओ कार्यालय ऊखीमठ में तालाबंदी की चेतावनी दी है। साथ ही रुद्रप्रयाग में डीएम व सीईओ कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की बात कही है। वहीं मुख्य शिक्षाधिकारी रुद्रप्रयाग सीएन काला का कहना है, कि जनपद में शिक्षकों के रिक्त पदों के बारे में निदेशालय को अप्रैल माह में ही सूचना दी जा चुकी है। आदर्श स्कूलों में बीते सत्र में शिक्षकों की पूर्ति के लिए आवेदन मांगे गए थे, लेकिन किसी भी शिक्षक ने आवेदन नहीं किया।