रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की यात्रा को लेकर इस वर्ष भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को 25 अप्रैल तक बाबा केदार के रुद्राभिषेक पूजा की एक लाख 10 हजार पांच सौ एडवांस बुकिंग मिल चुकी है, जबकि गत वर्ष 25 अप्रैल तक महज 40 हजार तीन सौ बुकिंग थी।
महाशिवरात्रि पर बाबा केदार के कपाट खुलने की तिथि घोषित होने के बाद से देश के विभिन्न राज्यों से बीकेटीसी को श्रद्धालुओं की बुकिंग मिलनी शुरू हो गई थी। आपदा के बाद यह पहला मौका है, जब बाबा केदार के रुद्राभिषेक पूजा के लिए प्रत्येक दिन बुकिंग मिल रही है। समिति के पदाधिकारियों की मानें तो बीते पांच वर्षों की अपेक्षा इस वर्ष 25 अप्रैल तक एक लाख 10 हजार पांच सौ श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक के लिए एडवांस बुकिंग करा दी है। इसके अलावा लघु रुद्राभिषेक, षोडषोपचार, पंचोषचार, प्रात: कालीन पूजा, बाल भोग, शिव अष्टोतरी सहित अन्य पूजाओं के लिए बुकिंग मिली है। बीकेटीसी के कार्याधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि केदारनाथ यात्रा को लेकर देश-विदेश के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है, जिस प्रकार इस वर्ष बाबा केदार की पूजा-अर्चना के लिए बुकिंग मिल रही है, उसके आधार पर शुरूआती समय में सुबह की पूजा 3.30 बजे से शुरू कर दी जाएगी। जैसे-जैसे श्रद्धालुओं की संख्या होगी, उसके आधार पर सुबह की पूजा के समय में परिवर्तन किया जाएगा।