जखोली। कुरछोला-चोपड़ा मोटरमार्ग पर कुरछोला गांव के समीप ट्रैक्टर दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए, जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जखोली में भर्ती किया गया है। यहां प्राथमिक उपचार के बाद चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सोमवार देर शाम को कुरछोला की ओर जा रहा ट्रैक्टर दुआधार तोक में अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में उत्तम सिंह पंवार (24) पुत्र शेर सिंह निवासी कुरछोला की मौके पर मौत हो गई। जबकि ट्रैक्टर चालक अजीत सिंह निवासी सहारनपुर को गंभीर चोटें आई। तीसरे अन्य व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को खाई से निकालकर सड़क तक पहुंचाया गया। जहां से उन्हें अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि मृतक युवक बीते दोपहर को ही मुंबई से अपने घर लौटा था। घटना के बाद से घर और गांव में मातम पसरा हुआ है। ब्यूरो