रुद्रप्रयाग। बर्फ पिघलने और मजदूरों के धाम पहुंचने के बाद केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्यों ने फिर रफ्तार पकड़ी है। संगम से मंदिर तक 250 मीटर लंबे मार्ग पर खंडजा बिछाने का काम शुरू हो गया है। निर्माण कार्यों के लिए 80 और मजदूर धाम पहुंच गए हैं। जबकि 12 राजस्थानी व 10 स्थानीय मजदूर बुधवार तक पहुंचेंगे। ये लोग पत्थरों को तराशने का कार्य करेंगे।
धाम में 250 मीटर मंदिर मार्ग से बर्फ साफ करने के बाद यहां लोनिवि ने खंडजा बिछाने का काम शुरू कर दिया। सरस्वती नदी पर निम की ओर से घाट निर्माण जारी है। डीएम के निर्देश पर एसडीएम जीएस चौहान धाम में ही डेरा जमाए हुए हैं। इधर, दो दिन के बाद केदारनाथ दौरे से लौटकर डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि मजदूरों व कर्मचारियों की सुरक्षा व ठंड से बचान के लिए हरसंभव प्रयास किए गए हैं। मजदूरों को गढ़वाल मंडल विकास निगम के हट्स में शिफ्ट कर 25 रूम हीटर उपलब्ध करा दिए गए हैं। प्रत्येक को दो-दो जोड़ी गर्म मोजे, जैकेट, दस्ताने, टोपी, मफलर सहित बर्फ में कार्य करने के लिए चश्मे दिए गए हैं। तीर्थ पुरोहितों के घरों के अंदर का काम भी तेजी से किया जा रहा है।
डीएम ने बताया कि केदारनाथ में कार्यरत कर्मचारियों व मजदूरों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए जल्द एक डाक्टर व एक फार्मेसिस्ट को जरूरी दवा व उपकरण के साथ तैनात किया जाएगा। साथ ही उरेडा एवं जलसंस्थान के 2-2 कर्मचारी भी नियमित ड्यूटी देंगे।
डीएम ने बताया कि मंदिर मार्ग पर स्थित तीन भवन स्वामियों की 3-3 मीटर चौड़ीकरण की चपेट में आ रही है। नियमों के पूरी प्रक्रिया को पूरा कर प्रभावितों को जमीन दी जाएगी।