ऊखीमठ। पर्यटक ग्राम सारी में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब एमसीसी क्लब ऊखीमठ ने जीता। टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में कुल 26 टीमों ने प्रतिभाग किया।
नव युवक मंगल दल सारी द्वारा पर्यटक ग्राम में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का शनिवार को फाइनल मैच एमसीसी क्लब ऊखीमठ व संगठन क्लब गैड़ मद्महेश्वर घाटी के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी एमसीसी क्लब की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में सात विकेट खोकर 163 रन बनाए। जिसमें हरेंद्र ने 71 सर्वाधिक रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी संगठन क्बल गैड़ की टीम निर्धारित 15 ओवरों में 8 विकेट खोकर मात्र 122 रन ही बना पाई। जिससे एमसीसी ऊखीमठ 41 रनों से विजयी रहा। टूर्नामेंट का मैन ऑफ दी सीरीज का खिताब एमसीसी क्लब ऊखीमठ के हरेंद्र सिंह, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज गैड़ के अर्जुन व क्षेत्ररक्षण का खिताब एमसीसी क्लब ऊखीमठ के अशोक को दिया गया। मुख्य अतिथि विनोद नौटियाल व विशिष्ठ अतिथि लक्ष्मण सिंह नेगी से विजेता टीम को 25 हजार व ट्राफी व उप विजेता 11 हजार व ट्राफी सौंपी। इस मौके पर प्रधान धनश्याम लाल, युवक मंगल दल अध्यक्ष दिलबर सिंह नेगी, कमेटी के अध्यक्ष अरविंद नेगी, सचिव नेगी जगदीश नेगी समेत भारी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद थे।