रुद्रप्रयाग। डीएम ने 29 अगस्त को खेल दिवस पर चिरबटिया में होने वाली हॉफ मैराथन की तैयारियों को लेकर विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान डीएम ने अधिकारियों को 26 अगस्त तक सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। हॉफ मैराथन में प्रतिभाग के लिए अभी तक 634 प्रतिभागियों ने अपना पंजीकरण करवा दिया है।
स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल व युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए डीएम ने आयोजन को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। बताया कि प्रशासन, पहल संस्था व रिलायंस फाउंडेशन के सहयोग से पर्वतीय हॉफ मैराथन आयोजित की जा रही है। मैराथन में महिला, पुरुष व स्कूली बच्चों के लिए 21 किमी, 15 किमी, 10 किमी और पांच किमी दौड़ निर्धारित की गई है। सीएमओ डा. एसके झा ने बताया कि मैराथन के दिन चिरबटिया से पालाकुराली तक पांच क्षेत्र में मेडिकल टीम तैनात रहेगी। प्रत्येक टीम में एक डाक्टर, फार्मेसिस्ट व वार्ड ब्वाय रहेगा। बैठक में सूबेदार (सेनि) वीरेंद्र सिंह राणा, पर्यटन साहसिक व खेल अधिकारी सुशील नौटियाल, प्रभारी खेल अधिकारी महेशी आर्य, रिलायंस फाउंडेशन के टीम लीडर प्रकाश सिंह शामिल थे।