केदारनाथ/बदरीनाथ। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पत्नी डा. माया शंकर के साथ मंगलवार को केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के दर्शन किए। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केदारनाथ भारत की आस्था का केंद्र है। प्रधानमंत्री ने इस भव्य तीर्थस्थल के कायाकल्प की जो बात कही थी, वह आज साकार हो रही है।
केदारनाथ में केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बाबा केदार की पूजा-अर्चना और जलाभिषेक के बाद मंदिर की परिक्रमा की। उन्होंने यात्रा को लेकर जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल के अलावा पुरोहितों से भी बातचीत की। वयोवृद्ध तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती ने उन्हें केदार धाम के बारे में विस्तार से जानकारी दी। केदारनाथ दर्शन के बाद केंद्रीय मंत्री बदरीनाथ दर्शन को पहुंचे। उन्होंने 25 मिनट तक भगवान बदरीनाथ की पूजा में प्रतिभाग किया। इस दौरान पत्रकारों से संक्षिप्त बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है। इस मौके पर जिलाधिकारी आशीष जोशी, बीकेटीसी के सीईओ बीडी सिंह, मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़, पूर्व पालिका अध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती आदि भी मौजूद थे।
लचर दूरसंचार व्यवस्था पर संचार मंत्री से करेंगे वार्ता
बदरीनाथ। केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बदरीनाथ धाम में लचर दूरसंचार व्यवस्था की शिकायत को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि वे दिल्ली पहुंचने पर इस संबंध में केंद्रीय संचार मंत्री से वार्ता करेंगे। धाम में बेहतर संचार सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।