रुद्रप्रयाग। स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वच्छता से सिद्धि की ओर अभियान के अंतर्गत अलकनंदा व मंदाकिनी के संगम स्थित रुद्रनाथ मंदिर व चामुंडा माई मंदिर में साफ-सफाई की गई। इस मौके पर स्वयंसेवियों ने स्वच्छता का संकल्प भी लिया। सीएमओ डा. सरोज नैथानी व एसीएमओ ओपी आर्य के दिशा-निर्देशन में श्री गंगा आरती समिति व स्पर्श गंगा अभियान के स्वयंसेवियों ने संगम स्थित मंदिरों में सफाई की। सभी ने स्वच्छता का शपथ भी ली। इस मौके पर सीएमओ ने कहा कि स्वच्छता के प्रति स्वस्थ नजरिया होना चाहिए। उन्होंने लोगों से स्वस्थ आदतें और स्वस्थ जीवन शैली अपनाने पर जोर दिया। साथ ही अधिकाधिक लोगों को स्वच्छता से सिद्धि प्राप्ति के लिए प्रोत्साहित करने की अपील भी की। इस मौके पर गंगा आरती समिति अध्यक्ष कुंवर सिंह रावत, आशीष गैरोला, आशा सेमवाल, हरेंद्र नेगी, सुनील राणा, शांति भट्ट समेत भारी संख्या में कर्मचारी, आशा कार्यकत्री व स्वयं सेवी मौजूद थे।