रुद्रप्रयाग। ऑल वेदर रोड प्रतिकर संबंधित संघर्ष समिति ने जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल से भेंट कर रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण व मुआवजा मानकों को स्पष्ट करने की मांग की। इस मौके पर समिति ने 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन भी सौंपा।
संरक्षक विक्रम कंडारी व अध्यक्ष रमेश बेंजवाल के नेतृत्व में समिति के प्रतिनिधिमंडल ने पुराने विकास भवन में डीएम से भेंट की। कहा कि एनएच की ओर से जिस तरह से हाईवे के चौड़ीकरण में 24 मीटर भूमि का अधिग्रहण कर नोटिस भेजे गए हैं, उससे प्रभावित आहत हैं। कई लोग मानसिक रूप से परेशान हैं। लोगों की वर्षो की मेहनत से बनाए मकान, दुकान चौड़ीकरण में ध्वस्त हो रहे हैं। इस पर, बैठक में मौजूद एनएच के ईई प्रवीन कुमार ने बताया कि गौरीकुंड हाईवे पर आबादी क्षेत्र में मात्र 12 मीटर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। साथ ही चौड़ीकरण से किसी भी प्रकार के नुकसान, भवन या दुकान के टूटने, आधा हिस्सा ढहने, अधूरे निर्माण कार्य के चपेट में आने, बाग, बगीचे आदि के प्रभावित होने पर मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रभावितों के हितों को ध्यान में रखकर परियोजना का निर्माण किया जाएगा। कोशिश होगी के अधिक से अधिक आवासीय मकानों को बचाया जाए। इस मौके पर समिति की मांगों के तहत 11 का मौके पर निराकरण कर किया गया। शेष 2 शिकायतों को शासन को भेजा गया है। इस मौके पर एसपी पीएन मीणा, एसडीएम सदर मुक्ता मिश्र, प्रभारी अधिकारी देवानंद आदि मौजूद थे।