इस वर्ष गणतंत्र दिवस 26 जनवरी को जिले को अपना विकास भवन मिल जाएगा। इस भवन से प्रारंभिक चरण में 14 विभागों का संचालन होगा। इस सुविधा से जहां सरकारी कामकाज में आसानी होगी, वहीं जरूरतमंदों को एक ही स्थान पर कई विभागों से जुड़ी जानकारी के लिए इधर-उधर नहीं दौड़ना पड़ेगा।
वर्ष 2006-07 में कोटेश्वर-खुरड़ में विकास भवन के लिए भूमि का चयन किया गया। शासन से भवन निर्माण के लिए 8 करोड़ 39 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। वर्ष 2010 में निर्माण कार्य शुरू हुआ।
शासन स्तर से दो किश्त मिलने के बाद भी निर्माण कार्य को रफ्तार नहीं मिल पाई। स्थिति यह है कि कार्यदायी संस्था को एक ब्लाक पूरा करने में पांच वर्ष लग गए। अब दो और ब्लाक भी पूरे हो चुके हैं।
अभी इन्हीं पर कामकाज शुरू होगा। चौथे ब्लाक की पहली मंजिल का कार्य जल्द शुरू होगा। जिले को गठन के 18 वर्ष बाद मिल रहे विकास भवन पर मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, समाज कल्याण, उद्यान, कृषि और सांख्यिकी सहित 14 विभागों का संचालन होना है।
वर्तमान में अभी ये सभी विभाग किराए के भवन पर चल रहे हैं। वहीं आरडब्लूडी के ईई केसी डिमरी ने बताया कि विकास भवन के तीन ब्लाक तैयार हैं। चौथे ब्लाक का कार्य फरवरी माह से शुरू कर नवंबर तक कार्य कर दिया जाएगा।
कोट
26 जनवरी को विधिवत रूप से दो ब्लाक पर जिला स्तरीय 14 विभागों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इस सुविधा से सरकारी कामकाज में जहां तेजी आएगी, वहीं लोगों को भी आसानी होगी। - सुनील कुमार, सीडीओ रुद्रप्रयाग।