अगस्त्यमुनि की नगर पालिका अध्यक्ष अरुणा बेंजवाल समेत दो दिनों में जिले में कोरोना संक्रमण के 24 नए मामले आए हैं। संक्रमितों को माधवाश्रम अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। बीते एक माह से कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।
बीते बृहस्पतिवार व शुक्रवार को मिली रिपोर्ट के अनुसार 24 और नए मामले आए हैं, जिसमें जिले के एक निकाय की अध्यक्ष भी शामिल हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. बीके शुक्ला ने बताया कि जनपद में संक्रमितों का आंकड़ा 553 तक पहुंच चुका है, जिसमें 151 एक्टिव केस हैं। बताया कि 108 मरीजों को होम आइसोलेशन की सुविधा दी गई है। जबकि 43 कोटेश्वर अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। दूसरी तरफ देवस्थानम बोर्ड कार्यालय ऊखीमठ के 80 कर्मचारियों के सैंपल रिर्पोट निगेटिव आने के बाद पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर और बोर्ड कार्यालय का संचालन शुरू हो गया है। कार्यधिकारी एनपी जमलोकी ने बताया कि कुछ दिन पूर्व कार्यालय के तीन कर्मचारी कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जो आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं। साथ ही अन्य कर्मचारियों की 15 सितंबर को सैंपलिंग की गई थी। शुक्रवार को सभी कर्मचारियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है, जिसके बाद बोर्ड कार्यालय व मंदिर को पूर्व की भांति खोल दिया गया है।