मरीजों को जाना पड़ता है बेस अस्पताल श्रीनगर
संवाद न्यूज एजेंसी
रुद्रप्रयाग। जिला चिकित्सालय में डॉक्टरों की कमी बनी हुई है। अस्पताल में चिकित्सकों के स्वीकृत 37 पदों के सापेक्ष वर्तमान में केवल 15 चिकित्सक तैनात हैं जबकि 22 पद रिक्त चल रहे हैं। ऐसे में मरीजों को उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर जाना पड़ता है।
वर्तमान में अस्पताल में उपलब्ध 15 चिकित्सकों में छह सामान्य चिकित्सा अधिकारी और नौ विशेषज्ञ शामिल हैं जिनमें मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, फिजिशियन और गायनी के डॉक्टर हैं। वहीं आंख, ईएनटी, सर्जरी और हड्डी रोग विशेषज्ञों के पद खाली होने से मरीजों को श्रीनगर बेस चिकित्सालय जाना पड़ता है। पांच अक्तूबर को नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत ने गढ़वाल आयुक्त आंनद स्वरूप को ज्ञापन देकर जिला अस्पताल में रिक्त चिकित्सकों के पद भरने की मांग भी की थी। उन्होंने कहा था यदि 20 अक्तूबर तक जिला अस्पताल में रिक्त चिकित्सकों के पद नहीं भरे गए तो वे जन आंदोलन करेंगे। वहीं कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए कार्रवाई चल रही है। जल्द चिकित्सकों के पद भर दिए जाएंगे। उम्मीद है कि 15 से 20 दिन में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति हो जाएगी।
दो डेंगू मरीजों का उपचार जारी
जिला अस्पताल में डेंगू की जांच जारी है। रोजाना करीब तीन से चार लोगों के डेंगू की जांच के लिए नमूने लिए जा रहे हैं। अस्पताल प्रशासन के अनुसार वर्तमान में अस्पताल में डेंगू के दो मरीजों का उपचार चल रहा है। सीएमएस एसके द्विवेदी ने बताया कि मरीजों का उपचार किया जा रहा है।