तिलवाड़ा। जखोली ब्लाक के राजकीय प्राथमिक विद्यालय जैली का वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। इस मौके पर प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्मानित भी किया गया। साथ ही अभिभावकों से भी बेहतर शैक्षिक माहौल के लिए सुझाव मांगे गए।
विद्यालय में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम देवमूर्ति यादव ने छात्र-छात्राओं से कहा कि वह पठन-पाठन के साथ बच्चों को रचनात्मक व सामाजिक कार्यों में भी प्रतिभाग करें। विशिष्ट अतिथि बाल संरक्षण आयोग के सदस्य वाचस्पति सेमवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कृति, संस्कार और परंपराओं का प्रचार-प्रसार भी जरूरी है। इस मौके पर बीईओ दिनेश सेमवाल ने बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने के लिए अभिभावकों से सुझाव देने को कहा। प्रधानाध्यापक माधव नेगी ने प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए अतिथियों का स्वागत कर आभार व्यक्त किया। इसके उपरांत छात्र-छात्राओं ने देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति व देशभक्ति पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वार्षिकोत्सव में शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में सराहनीय कार्य कर रहे लोगों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह झिक्वांण, गीता नौटियाल, एसएमसी अध्यक्ष नीलम रतूड़ी, वीरबल रावत, रामचंद्र राणा, जितार सिंह, अनूप नेगी, संगीता राणा, अनवर सिद्दीकी, गुणानंद आदि मौजूद थे।