रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ/अगस्त्यमुनि/तिलवाड़ा। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर जनप्रतिनिधियों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों व अन्य लोगों ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पाकिस्तान और आतंकवाद का पुतला दहन भी किया गया।
मुख्य बाजार रुद्रप्रयाग में नगर पालिका सभासद संतोष रावत के नेतृत्व में युवाओं ने पाकिस्तान का पुतला दहन किया। इसके बाद दो मिनट का मौन रखकर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार से पाकिस्तानी घुसपैठियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस मौके पर विक्रांत चौधरी, संपन्न नेगी, रोहित, प्रवीन, सूरज, विकास डिमरी, ईश्वर, मुकीम, विनोद, संदीप, मुकेश आदि थे। देर शाम को शहीदों की याद में कैंडल मार्च भी निकाला गया। उधर, ऊखीमठ के व्यापारियों व प्रतिनिधियों ने जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुई आतंकी घटना में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर व्यापार संघ अध्यक्ष आनंद सिंह रावत, उपाध्यक्ष महेश बर्त्वाल, नगर पंचायत अध्यक्ष विजय राणा, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रीता पुष्पवाण, रणजीत रावत, बसंती रावत, प्रकाश गुसाई, प्रह्लाद सिंह राणा, नवदीप नेगी, पवन राणा, रामस्वरूप त्रिवेदी, मनवर सिंह नेगी आदि मौजूद थे। इधर, अगस्त्यमुनि में पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने शहीदों के सम्मान में मौन जुलूस निकाला। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने केंद्र सरकार से आतंकियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। तिलवाड़ा में भी व्यापारियों व जनप्रतिनिधियों ने पुलवामा में हुई घटना के विरोध में बाजार में प्रदर्शन किया। इसके बाद शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।