रुद्रप्रयाग। वर्ष 2018 को विदा करने और वर्ष 2019 के अभिनंदन के लिए पर्यटन स्थली चोपता में डेढ़ हजार से अधिक पर्यटक पहुंच चुके हैं। पुलिस ने कुंड-ऊखीमठ-चोपता-गोपेश्वर हाईवे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। उधर, देवरियाताल, बधाणी ताल भी पर्यटक पहुंच रहे हैं। रविवार शाम तक चोपता, दुगलबिट्टा में डेढ़ हजार पर्यटक पहुंच चुके थे। चोपता में होटल व लॉज फुल हैं। केदारनाथ वन्य जीव प्रभाग के डीएफओ अमित कंवर ने बताया कि चोपता, दुगलबिट्टा सहित बुग्याली क्षेत्र में बाहरी क्षेत्रों से पहुंच रहे पर्यटकों को इस बार टेंट लगाने के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया है। चमोली व रुद्रप्रयाग की तरफ से यहां पहुंच रहे पर्यटकों के वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।