रुद्रप्रयाग। बांसवाड़ा में पहाड़ी से भारी मलबा गिरने से रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग 26 घंटे अवरुद्ध रहा। रविवार दोपहर एक बजे से हाईवे पर यातायात बहाल हो गया है, लेकिन प्रभावित स्थान अब भी अतिसंवेदनशील बना हुआ है। एनएच के अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की नियमित मॉनीटरिंग की जा रही है, साथ ही कार्यदायी संस्था द्वारा दोनों ओर दो जेसीबी मशीनें स्थायी तौर पर रख दी गई हैं।
कार्यदायी संस्थाओं द्वारा यहां बीते शनिवार को 12 बजे से मलबा सफाई का कार्य शुरू कर दिया गया था, जो देर रात तक चला। रविवार को भी तड़के से मशीनों की मदद से मलबा सफाई का कार्य किया गया, जो दोपहर एक बजे तक चला। इसके बाद पहले दुपहिया वाहन और फिर अन्य छोटे वाहनों की आवाजाही कराई गई। दो बजे से हाईवे को बड़े वाहनों के लिए भी खोल दिया गया। प्रभावित स्थान पर 15 से 20 मीटर दायरे में पहाड़ी के अंदर से पानी रिसने के कारण भूस्खलन जोन सक्रिय हो गया है, जिससे लगातार मलबा गिर रहा है। विदित हो कि शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे भारी मलबा गिरने से हाईवे बंद हो गया था। इधर, एनएच के अधिशासी अभियंता जेके त्रिपाठी ने बताया कि प्रभावित स्थान का जल्द भूगर्भीय सर्वेक्षण कर स्थायी ट्रीटमेंट किया जाएगा ताकि आने वाले समय में इस तरह की समस्या पैदा न हो।