रुद्रप्रयाग। स्थानीय निवासी एवं लोक गायक नवीन सेमवाल का नया गीत ‘मेरी बामणी’ यू-ट्यूब पर खूब धमाल मचा रहा है। लोक गायिका हेमा करासी के साथ सेमवाल द्वारा गाए गए इस गीत को दो दिन में एक लाख से अधिक दर्शक देख व सुन चुके हैं। बीते शनिवार को लांच हुए इस गीत को दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया जा रहा है। लांच होने के पहले एक घंटे में गीत को पांच हजार दर्शकों ने देख लिया था। सेमवाल ने स्वयं ही इस गीत को लिखा है। इससे पहले बीते मई माह में सेमवाल का गीत ‘मेरी इंदू’ को भी खूब प्रशंसा मिली थी। उन्होंने बताया कि उनके गीतों को दर्शक पसंद कर रहे हैं, जिससे उनका उत्साह भी बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि वह पहाड़ की लोक संस्कृति और रीति-रिवाजों को लेकर भी कार्य कर रहे हैं, जिसके तहत कुछ गीत तैयार किए जा रहे हैं।