अगस्त्यमुनि। नमामि गंगे परियोजना के तहत ग्राम पंचायत भीरी में गंगा वृक्षारोपण अभियान के तहत वृहद पौधरोपण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को पर्यावरण, पौधरोपण व गंगा स्वच्छता को लेकर जागरूक किया गया। साथ ही पॉलीथिन का उपयोग नहीं करने की शपथ भी दिलाई गई।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए डीएम मंगेश घिल्डियाल ने कहा कि गंगा को स्वच्छ व अविरल बनाने के लिये हमें हर समय तैयार रहना चाहिए। कहा कि अधिकाधिक पौधरोपण से पेयजल स्रोत विकसित होंगे और सूखने के कगार पर पहुंचे स्रोतों को नया जीवन मिलेगा। उन्होंने मंदाकिनी नदी किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों से विशेष सहयोग की अपील की। वन विभाग के ब्रांड एंबेस्डर व पर्यावरणविद जगत सिंह चौधरी ने कहा कि पौधरोपण अभियान तभी सफल हो सकता है, जब रोपित पौधों का संरक्षण किया जाए। डीएफओ मयंक शेखर झा ने बताया कि गंगा पौधरोपण अभियान के तहत गांवों में चालखाल का निर्माण किया जा रहा है, जिससे बरसाती पानी को संग्रहित किया जा सकता है। इसके उपरांत स्कूल परिसर के चारों तरफ विभिन्न प्रजाति के सैकड़ों पौधों का रोपण किया गया। इस मौके पर प्रधान सती देवी, रघुवीर सिंह, सीवीओ डा. रमेश नितवाल, सीएओ एसएस वर्मा, डीएचओ योगेंद्र सिंह, तहसीलदार जयवीर राम बधाणी, प्रधानाचार्य उम्मेद सिंह बिष्ट, पे्रमा रावत समेत ग्रामीण मौजूद थे।