जखोली। तहसील दिवस पर जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत व विकास अधिकारियों को सभी ग्राम पंचायतों में खुली बैठक आयोजित करने को कहा और बैठकों में शामिल नहीं होने वाले सदस्यों को निष्कासित करने के निर्देश दिए। इस दौरान 65 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें से 39 का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
राजकीय इंटर कालेज बुढ़ना में आयोजित तहसील दिवस में डीएम मंगेश घिल्डियाल ने अधिकारियों को राज्य व केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर जोर देने के निर्देश दिए। वहीं उन्होंने सेवायोजन विभाग की मार्गदर्शन-2018 पुस्तिका का विमोचन भी किया। इस मौके पर ग्राम पंचायत घरड़ा के ग्राम प्रधान द्वारा पेयजल योजना पर दूसरे गांव के 6 परिवारों के कब्जे की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम देवमूर्ति यादव व ईई संजय सिंह को कार्रवाई करने को कहा। साथ ही मोरपोखरी आंगनबाड़ी केंद्र में पुष्टाहार नहीं बंटने पर एसडीएम व तहसीलदार को केंद्र का निरीक्षण करने को कहा। अलग-अलग गांवों से पहुंचे ग्रामीणों द्वारा ग्रेन डीलर द्वारा पूरा राशन नहीं देने की शिकायत पर डीएम ने एसडीएम को ग्रेन डीलरों के दुकानों पर औचक निरीक्षण के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि कि यदि ऐसा करते हुए कोई डीलर पकड़ा जाए तो उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाए। उन्होंने बीडीओ को जीआईसी बुढना में मनरेगा में खेल मैदान और मारपोखरी में घाट निर्माण बनाने को कहा। इस दौरान कृषि, उद्यान, सहकारिता आदि विभागों द्वारा स्टॉल भी लगाए गए थे। दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग द्वारा 85 लोगों के स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जबकि पशुपालन विभाग द्वारा 31 पशुपालकों को दवा दी गई। पूर्ति विभाग ने 2 उज्जवला कनेक्शन व समाज कल्याण विभाग ने पेंशन संबंधित फार्म भरवाए। इस मौके पर प्रभारी सीडीओ एनएस रावत, सीएमओ डा. एसके झा सहित अन्य प्रशासनिक व जिला स्तरीय विभागीय अधिकारी मौजूद थे।