रुद्रप्रयाग (ब्यूरो)। मौसम में सुधार के बाद केदारनाथ यात्रा को शुरू कर दिया गया। दोपहर 12 बजे तक सोनप्रयाग से 902 श्रद्धालुओं ने पैदल मार्ग से धाम के लिए प्रस्थान किया। जबकि धाम में 1036 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए।
बृहस्पतिवार को सुबह से मौसम साफ रहा। भले ही आसमान में बादलों की सूरज के साथ आंखमिचौली होती रही। इस दौरान सोनप्रयाग से प्रात: 7 बजे से श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग से धाम के लिए छोड़ना शुरू किया गया। प्रात: 9 बजे तक ही 534 श्रद्धालु पैदल रास्ते से धाम के लिए प्रस्थान कर चुके थे। सोनप्रयाग से गौरीकुंड और केदारनाथ तक पूरे पैदल मार्ग पर संभावित स्थानों पर पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से श्रद्धालुओं को रास्ता पार कराया गया। प्रशासन की ओर से दोपहर 12 बजे तक 902 श्रद्धालुओं को छोड़ने के बाद सोनप्रयाग से पैदल मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई। उधर, केदारनाथ धाम में 1036 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। कपाट खुलने के बाद से धाम में अभी तक 375430 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि यात्रा को लेकर पूरी सतर्कता बरती जा रही है। सोनप्रयाग, गौरीकुंड सहित पैदल मार्ग के पड़ाव और केदारनाथ में मौसम के हिसाब से श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और स्वास्थ्य संबंधित सुविधाओं के लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा ने बताया कि बरसात से पैदल मार्ग कई स्थानों पर बरसाती नालों का बहाव अधिक हो गया है। इन स्थानों पर यात्रियों को एक-एक कर रास्ता पार कराया जा रहा है।