तिलवाड़ा। जखोली ब्लॉक के सिलगढ़ पट्टी के कंडाली गांव में मां इंद्रासणी देवी के नौ दिवसीय महायज्ञ के छठवें दिन भक्तों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान विश्व कल्याण के लिए आचार्य सुदर्शन पुरोहित के वेद मंत्रोच्चार के बीच 19 ब्राह्मणों ने 21 हजार आहुतियां दी। साथ ही अन्य धार्मिक परंपराओं का निर्वहन किया।
बीते 30 जनवरी से शुरू हुए नौ दिवसीय महायज्ञ में प्रतिदिन मां इंद्रासणी की विशेष पूजा की जा रही है। इस मौके पर मां इंद्रासणी का शृंगार कर देवी-देवताओं का आह्वान किया जा रहा है। साथ ही देवी भक्तों की ओर से कीर्तन का आयोजन भी हो रहा है।
पूर्वान्ह 11 बजे से मंदिर परिसर में स्थापित गजकुंड में आचार्य सुदर्शन पुरोहित के वेद मंत्रोच्चार के बीच ब्राह्मणों की ओर से आहुतियां दी जा रही हैं। बुधवार को मंदिर में आयोजित जागरण में जागर गायिका रामेश्वरी भट्ट, आरती रावत, अखिलेश अनंत, विजय पंत, गोपी दा ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत और भजनों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
यज्ञ अनुष्ठान के संयोजक नरेश भट्ट ने बताया कि अनुष्ठान में अभी तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु मां इंद्रासणी के दर्शन और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर चुके हैं। संवाद