रुद्रप्रयाग। बच्छणस्यूं पट्टी के धारकोट में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में 150 सौ से अधिक ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर दवा दी गई। वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय रुद्रप्रयाग रेंज द्वारा श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के सहयोग से शिविर में जिला चिकित्सालय की डा. बीना नौटियाल व फार्मेसिस्ट ने मरीजों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। शिविर में उल्टी-दस्त, जुखाम, जोड़ों का दर्द सहित समस्याओं से संबंधित मरीज पहुंचे। चिकित्सकीय दल ने सभी मरीजों को उचित परामर्श के साथ दवा दी। रेंजर आलोकी ने बताया कि शिविर में धारकोट, बणसो, बणगांव और झुंडोली के ग्रामीण शामिल हुए। आगामी समय में भी बच्छणस्यूं सहित रेंज के अन्य गांवों में भी स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।