रुद्रप्रयाग। साधन समिति सचिव परिषद व आंकिक कर्मचारी संगठन सहकारी समिति कर्मचारियों की हड़ताल से समिति एवं मिनी बैंकों में कामकाज पूरी तरह से ठप पड़ा हुआ है। हड़ताल का खामियाजा खाताधारकों को उठाना पड़ रहा है।
सचिवों को सातवें वेतनमान का लाभ देने से समेत छह सूत्री मांगों को लेकर बीते 19 फरवरी से जारी कर्मचारियों की हड़ताल के चलते समिति में ग्रामीण क्षेत्रों में समिति कार्यालयों में ताले लटके हुए हैं। किसानों को ऋण वितरण के साथ ही बीज, खाद एवं कृषि यंत्र नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं, मिनी बैंकों में समाज कल्याण विभाग की विधवा, विकलांग, वृद्धावस्था एवं किसान पेंशन भी डंप पड़ी हुई है। साथ ही किसानों से होने वाली बकाया ऋण वसूली भी व्यापक प्रभावित हो चुकी है। किसान रमेश सिंह, उमेद सिंह, लखपत सिंह, लक्ष्मण सिंह ने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बीते एक माह से उनके महत्वपूर्ण कार्य भी ठप पड़े हैं। उन्होंने सरकार से जनहित में हड़ताल समाप्त कराने की मांग की है।