रुद्रप्रयाग। मंगलवार को रुद्रप्रयाग, अगस्त्यमुनि व गुप्तकाशी में ऑनलाइन कोचिंग क्लासेस विधिवत शुरू हो गई है। दो वर्षीय पाठ्यक्रम के तहत कोब्योबो (नॉलेज बियॉड बाउंडरिज) की ओर से विषय की कोचिंग दी जाएगा। मंगलवार को कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक भरत सिंह चौधरी और डीएम मंगेश घिल्डियाल ने किया। उत्तराखंड में रुद्रप्रयाग ऐसा दूसरा जिला बन गया है, जहां मेधावियों को प्रशासन और शिक्षा विभाग नि:शुल्क इंजीनियरिंग व मेडिकल प्रवेश परीक्षा की ऑनलाइन कोचिंग करवा रहा है।
श्री 108 स्वामी सच्चिदानंद राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज रुद्रप्रयाग में प्रोजेक्ट लक्ष्य के तहत ऑनलाइन कोचिंग शुरू की गई। मुख्य अतिथि विधायक चौधरी ने इंटरनेट और यू-ट्यूब से पाठ्य सामग्री जुटाकर विषयवस्तु को समझने का सुझाव दिया। डीएम ने बताया कि वर्ष 2019 में जिले के नौनिहाल इंजीनियरिंग व मेडिकल प्रवेश परीक्षा में शामिल हो, इसके लिए मेधावियों को तैयार किया जाएगा। कोब्योबो के उत्तर भारत प्रभारी निशांत वशिष्ठ ने बताया कि कंपनी भारत के महत्वपूर्ण कोचिंग संस्थानों से संबद्ध है। जिले में तीन केंद्रों में 90 छात्र-छात्राएं हैं। उत्तराखंड में ऑनलाइन कोचिंग सबसे पहले डाकपत्थर में शुरू की गई है। ऑनलाइन कोचिंग में हंस फाउंडेशन वित्तीय और डीआईओ एनआईसी तकनीकी सहयोग दे रहा है। इस मौके पर डीईओ माध्यमिक एलएस दानू, डीआईओ एनआईसी संजय सिंह, प्रधानाचार्य दिनेश वाजपेयी, डीपी कोठारी, मनोज थापा और केके पांडे आदि थे।