रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी की जिला कार्यसमिति की बैठक में आगामी निकाय चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने की अपील की गई। बैठक में आजीवन सहयोग निधि को लेकर भी जरूरी निर्देश दिए गए।
जिलाध्यक्ष विजय कप्रवाण की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य वक्ता गढ़वाल लोस प्रभारी व पूर्व मंत्री खजान दास ने कार्यकर्ताओं से आपसी तालमेल के साथ काम करने को कहा। राज्य व केंद्र सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए बूथ स्तर पर जनसंपर्क पर जोर दिया गया। चमोली व रुद्रप्रयाग के प्रभारी व बदरीनाथ के विधायक महेंद्र भट्ट ने कहा कि वर्ष 2014 के लोस, 2017 के विस चुनाव सहित अन्य राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा की जीत का कारण कार्यकर्ताओं की एकजुटता रही है। उन्होंने आगामी निकाय चुनाव में बंपर जीत के लिए बूथ स्तर पर जुटने को कहा। विधायक भरत सिंह चौधरी ने कहा कि आज भाजपा पर आम आदमी का विश्वास है। बैठक में जिलाध्यक्ष कप्रवाण ने पार्टी की गतिविधियों पर चर्चा करते हुए नगर पालिका रुद्रप्रयाग व नगर पंचायत ऊखीमठ व अगस्त्यमुनि में चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। इस मौके पर प्रवक्ता बीरेंद्र बिष्ट, प्रभारी राजेंद्र अंथवाल, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री सरला खंडूरी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष चंडी प्रसाद भट्ट, नपा अध्यक्ष राकेश नौटियाल, नपं अध्यक्ष अशोक खत्री, महिला मोर्चा अध्यक्ष ऊषा चमोला, शंकुतला जगवाण, ओपी बहुुगुणा, सत्येंद्र बत्र्वाल, बीना बिष्ट आदि मौजूद थे।