रुद्रप्रयाग। अगस्त्यमुनि ब्लाक के धनपुर पट्टी के ग्राम पंचायत भूनका के ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान पर निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम को सौंपे ज्ञापन में पूर्व प्रधान के कार्यकाल में गांव में हुए कार्यों की जांच की मांग की है।
बुधवार को ग्राम पंचायत के एक प्रतिनिधिमंडल ने डीएम मंगेश घिल्डियाल से मुलाकात कर पूर्व प्रधान सोबन सिंह राणा के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों के स्थलीय निरीक्षण कर जांच की मांग की। कहना था कि पूर्व प्रधान ने वर्ष 2010-11 में राजकीय उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय भुनका में 11 लाख से चार कमरों का निर्माण कराया, लेकिन भवन कक्षाओं के संचालन से पहले ही क्षतिग्रस्त हो गया था। तब, ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को लिखित व मौखिक में स्थिति से अवगत कराया गया था। बावजूद किसी ने सुध नहीं ली। ग्राम प्रधान व संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी धन को ठिकाने लगाया गया। ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान के कार्यकाल में हुए अन्य निर्माण कार्यों की जांच की बात भी कही। प्रतिनिधिमंडल में ग्राम प्रधान मंजू देवी, हुकम सिंह राणा, संग्राम सिंह, सूरज सिंह, ध्रुव सिंह, राजेंद्र सिंह नेगी, मनवर सिंह, दर्शन सिंह, प्रेम सिंह, मुन्नी देवी, वरदेई देवी, आरती देवी, उदय सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे। मामले में डीएम ने कहा कि भवन निर्माण के बारे में डीईओ बेसिक से जानकारी मांगी गई है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी। जरूरी हुआ तो टेक्निकल टीम से भी भवन निर्माण को लेकर जांच कराई जाएगी। वही मामले में पूर्व प्रधान ग्राम पंचायत भुनका मोहन सिंह राणा का कहना है कि ग्रामीणों द्वारा मेरे ऊपर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। सात वर्ष पूर्व मैंने स्कूल भवन का निर्माण पूरा कर जेई के माध्यम से विभाग के हैंडओवर कर दिया था।