तिलवाड़ा/गुप्तकाशी। जखोली ब्लाक के ग्राम पंचायत घेंघड़-भरदार के थैड़ा गांव में 101 जल कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय श्रीमद्भागवत महापुराण का शुभारंभ हो गया।
विश्व शांति एवं क्षेत्र की खुशहाली के लिए आयोजित अनुष्ठान के पहले दिन क्वीलाखाल में भगवती कुरमासणी की पूजा की गई। इसके बाद वाद्य यंत्रों के साथ कुरमासणी की डोली को थेड़ा गांव के तलपंदेरा तोक स्थित मंदिर लाया गया। यहां पूजा के बाद 101 कलशों के साथ जल कलश यात्रा निकाली गई। इसके बाद कलश का जल आराध्य देवी को अर्पित किया गया। दोपहर बाद मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करते हुए आचार्य भगवती प्रसाद भट्ट ने कहा कि भागवतपुराण कथा का आयोजन करने से घर, परिवार, गांव और क्षेत्र का कल्याण होता है। इस मौके पर दुर्गा प्रसाद, केआर भट्ट शास्त्री, भगवती प्रसाद, बिष्णु प्रसाद बेंजवाल, विजय भट्ट, शिव प्रसाद नौटियाल समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे। इधर, विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में आयोजित श्रीमद्देवी भागवत पुराण और शिव महापुराण के 10वें दिन भव्य जलकलश यात्रा निकाली गई। इसके उपरांत कथा वाचन करते हुए आचार्य महामाया प्रसाद शास्त्री व आचार्य स्वयंभर प्रसाद सेमवाल ने दोनों पुराणों की महिमा के बारे में बताया।