पुल शुरू होने से रुद्रप्रयाग शहर में घटेगा ट्रैफिक का दबाव, बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा होगी सुगम
रुद्रप्रयाग। ऋषिकेश-बदरीनाथ और केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ने के लिए बन रहा 200 मीटर लंबा पुल 31 अगस्त तक तैयार हो जाएगा। पुल के निर्माण के बाद इसकी गुणवत्ता और सुरक्षा संबंधी परीक्षण किए जाएंगे। वहीं पुल के चालू होने से जिला मुख्यालय में ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने के साथ चारधाम यात्रियों को भी राहत मिलेगी। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि पुल के साथ बनाई जा रही 900 मीटर लंबी सुरंग का निर्माण पूरा हो चुका है। पुल का निर्माण अंतिम चरण में है और 31 अगस्त तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद तकनीकी परीक्षण और ट्रायल की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बदरीनाथ और केदारनाथ जाने वाले वाहनों के नगर क्षेत्र से गुजरने के कारण अक्सर यातायात का दबाव बढ़ जाता है। पुल और सुरंग शुरू होने के बाद वाहनों की आवाजाही अधिक व्यवस्थित होगी, यात्रा का समय घटेगा और नगर में जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना चारधाम यात्रा की समग्र व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बदरीनाथ और केदारनाथ धाम आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा।