रुद्रपुर में बाइक की टक्कर से पलटे ई रिक्शा में सवार एक नर्स समेत दो महिलाएं घायल हो गईं। नर्स को जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया है। इधर, दूसरी महिला का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।
फुलसुंगी निवासी शशि प्रभा राय (35) पत्नी तेज प्रताप सिंह रुद्रपुर जिला अस्पताल में नर्स हैं। बुधवार सुबह शशि प्रभा क्षेत्र में ही रहने वाली नीरा जोशी के साथ ई रिक्शा से ड्यूटी पर जाने के लिए निकली थीं जबकि नीरा को हल्द्वानी जाना था। किच्छा बाईपास रोड स्थित सांई मंदिर के पास पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने ई रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर से अनियंत्रित हुआ ई रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में शशि प्रभा और नीरा घायल हो गईं। हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों महिलाओं को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर शशि प्रभा को रेफर कर दिया गया, जबकि नीरा का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस को मामले की तहरीर नहीं मिली है।