रुद्रपुर में किसानों को अब सब्सिडी में कृषि यंत्र खरीदने के लिए कृषि विभाग के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। किसान अब कृषि विभाग के ऑनलाइन पोर्टल एग्री मशीनरी डॉट एनआईसी डॉट इन पर कृषि यंत्रों की बुकिंग करा सकते हैं। उपकरण खरीदने के बाद सब्सिडी किसानों के बैंक खातों में पहुंचेगी।
किसानों को कृषि यंत्रों पर राहत देने के लिए सरकार सब्सिडी देती है। सब्सिडी पर यंत्र खरीदने के लिए किसानों को कृषि विभाग समेत अन्य सरकारी दफ्तरों में चक्कर काटने पड़ते हैं। अब किसानों के लिए ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया है। इस पोर्टल के माध्यम से किसान रेटावेटर, हैरो, कल्टीवेटर, ट्रैक्टर आदि की ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। इस संबंध में मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. अभय सक्सेना ने कहा कि एक किसान एक वर्ष में सिर्फ एक कृषि यंत्र खरीद सकता है। एक ही कृषि यंत्र की दूसरी खरीद पांच वर्ष में एक बार की जा सकती है। बताया कि किसान को पहले पोर्टल में पंजीकरण करना होगा। इसके बाद विभिन्न फर्मों में बिकने वाले कृषि यंत्रों के मूल्य पोर्टल में दर्ज करने होंगे। कृषि यंत्री के खरीद के बिलों को जमा कराने के बाद सब्सिडी किसानों के खातों में पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि सब्सिडी पर कृषि यंत्र खरीदने के लिए किसानों को खतौनी आदि दस्तावेज जमा का विवरण देना होगा।