रुद्रपुर में हरियाणा के ट्रक नंबर पर हाइवे में बाइक दौड़ा रहे हल्द्वानी निवासी युवक को सीपीयू टीम ने चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया। टीम ने बाइक सीज कर युवक को कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
बता दें कि शनिवार को गणतंत्र दिवस के दिन नैनीताल रोड पर सीपीयू उपनिरीक्षक अनीता गैरोला टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच नई बस्ती लाइन नंबर 13 निवासी तुफैल खान बिना हेलमेट लगाए वाहन चला राहा था। एसआई ने उसे रोक कर चेसिस नंबर का मिलान किया। इस दौरान नंबर प्लेट फर्जी निकली और उस पर हरियाणा के ट्रक (एचआर63-7275) का नंबर दर्ज मिला। दरोगा ने बाइक सीज कर और हल्द्वानी निवासी तुफैल को बाइक सहित कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। कोतवाल केसी भट्ट ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया है। बाइक चोरी होने की आशंका से जांच की जा रही है।